टोहाना में अनोखी पहल, रोजाना निशुल्क हर्बल जूस से लोगों की सेहत का रख रही ख्याल!

parmodkumar

0
3
शहर के हिसार रोड स्थित टाउन पार्क में सुबह-सुबह लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। वजह है समाजसेवी संस्था ‘सुप्रभात मित्र मंडली’ की ओर से पिछले ढाई महीने से चल रही निःशुल्क हर्बल जूस सेवा। संस्था के सदस्य रोज सुबह 4 बजे उठकर सब्जी मंडी से सब्जियां लाते हैं, पार्क से औषधीय पत्ते तोड़ते हैं और ताजा जूस बनाकर लोगों को पिलाते हैं। 4 बजे से शुरू होती है सेवा संस्था के वरिष्ठ सदस्य राजेश वर्मा ने बताया कि ‘सुप्रभात मित्र मंडली’ का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ रखना है। करीब ढाई महीने से यह जूस वितरण लगातार जारी है। “इस जूस में घिया, खीरा, टमाटर, चुकंदर, करेला, नींबू, आलू बुखारा और अमरूद डाला जाता है। साथ में पीपल, बरगद, तुलसी, मरवा, गिलोय, सहजन, गोखरू और धनिया के पत्ते भी मिलाते हैं। ये सभी औषधीय पौधे टाउन पार्क से ही इकट्ठे किए जाते हैं,” वर्मा ने कहा। उनके अनुसार पीपल और बरगद के पत्ते अस्थमा में, गिलोय बुखार में एंटीबायोटिक की तरह, सहजन हड्डियों और कैल्शियम के लिए, गोखरू किडनी व पथरी में और धनिया-अमरूद पाचन के लिए फायदेमंद हैं। जूस बनाने के लिए सब्जियां सब्जी मंडी से मोहनलाल सेठी और गाबा खरीदकर लाते हैं। सब्जी विक्रेता रॉकी सैनी पिछले ढाई महीने से घिया मुफ्त दे रहे हैं। इसके बाद गाबा साहब, मोहनलाल, फकीर चंद, नैन साहब, मास्टर जी, जगीर सिंह, पवन, सुभाष अरोड़ा और शर्मा मिलकर जूस तैयार करते हैं। लाइट व्यवस्था में भी ये लोग मदद करते हैं। 200-300 लोग पीते हैं जूस सेवा पूरी तरह निःशुल्क है। हालांकि सब्जियां खरीदने के लिए पार्क में एक डोनेशन बॉक्स रखा गया है। जो लोग सहयोग करना चाहें वे उसमें अपनी श्रद्धा अनुसार राशि डाल देते हैं। इसी राशि से बाकी सब्जियां खरीदी जाती हैं। संस्था से जुड़े ललित शर्मा एक महीने से नियमित जूस पी रहे हैं। उन्होंने कहा, “शुगर, कब्ज और भूख न लगने की समस्या में बहुत फायदा मिला है। राजेश वर्मा और गाबा डॉक्टर साहब रोज 4 बजे आकर 6:30 बजे तक सबको जूस पिलाते हैं।” स्थानीय निवासी सुभाष ने बताया, “यहां रोज 200 से 300 लोग जूस पीते हैं। मैं खुद इस जूस से ठीक हुआ हूं। फ्री सेवा है, लेकिन जो बाहर से महंगी चीजें मंगवानी होती हैं उनके लिए दान पेटी रखी है।” ‘प्रकृति से जुड़ें’ की अपील राजेश वर्मा ने शहरवासियों से अपील की कि वे सुबह पार्क आएं, प्रकृति से जुड़ें और इस हर्बल जूस का लाभ उठाएं। “बीमार हों या स्वस्थ, ये जूस सभी के लिए लाभकारी है। हमारा मकसद सिर्फ इतना है कि पूरे नगर का स्वास्थ्य अच्छा रहे,” उन्होंने कहा। टाउन पार्क में चल रही यह सेवा अब लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन गई है। लोगों का कहना है कि दवाइयों से पहले प्रकृति का यह तोहफा उन्हें नई ऊर्जा दे रहा है।