आज मार्केट में हैचबैक से लेकर एसयूवी तक हर सेगमेंट में इलेक्ट्रिक गाड़ियां मौजूद हैं। इन्हें ट्रांसपोर्टेशन का अच्छा जरिया माना जा रहा है। इतना ही नहीं कई इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स भी आती हैं, जो अपनी शानदार स्पीड और परफॉर्मेंस के लिए मशहूर हैं। लेकिन, क्या आपको मालूम है कि देश में पहली इलेक्ट्रिक कार कब लॉन्च हुई थी या उसका नाम क्या था? उसकी खासियतें जैसे कि रेंज आदि क्या थी? अगर नहीं, तो यह आर्टिकल आपके लिए काम का साबित होगा। आपको बता दें कि भारत में इलेक्ट्रिक कार का इतिहास काफी लंबा है। देश में पहली इलेक्ट्रिक कर (EV) 32 साल पहले साल 1993 में लॉन्च हुई थी। लेकिन, इसकी 100 यूनिट्स भी नहीं बिक पाई थीं। आइए आपको तब से अब तक की कहानी बताते हैं।
देश की पहली इलेक्ट्रिक कार
देश की पहली इलेक्ट्रिक कार का नाम था लवबर्ड (Lovebird) और इसे 1993 में लॉन्च किया गया था। उस समय मार्केट में पेट्रोल-डीजल गाड़ियों की भरमार थी और इलेक्ट्रिक कार का कॉन्सेप्ट नया-नया था। लवबर्ड को 1993 में ऑटो-एक्सपो में भी पेश किया गया था और सरकार को भी इसका कॉन्सेप्ट काफी पसंद आया था। इसे एडी करंट कंट्रोल्स नाम की कंपनी ने जापान की यसकावा इलेक्ट्रिक कंपनी के साथ मिलकर बनाया था और इसका उत्पादन तमिलनाडु में किया जाता था।
लवबर्ड की खासियतें
खासियतों की बात करें तो लवबर्ड एक टू-सीटर इलेक्ट्रिक कार थी। इसका साइज काफी छोटा और कॉम्पैक्ट था। इसमें एक रिचार्जेबल बैटरी दी गई थी, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 60 किलोमीटर की रेंज देती थी। बैटरी को फुल चार्ज करने में 8 घंटे लगते थे। साथ ही इस कार में 4-स्पीड गियरबॉक्स और बैक करने के लिए एक रिवर्स गियर दिया गया था।
100 यूनिट्स भी नहीं बिकीं
हालांकि, उस समय लवबर्ड को ग्राहकों का ज्यादा अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला। इसकी 100 यूनिट्स भी नहीं बिक पाईं। इसकी वजह लवबर्ड में दो लोगों के बैठने की क्षमता और मार्केट में पेट्रोल-डीजल गाड़ियों की हावी होना हो सकता है। साथ ही देश में उस समय EVs के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तो न के बराबर था। यह इसकी बिक्री न होने की सबसे बड़ी हो सकती है। बिक्री न हो पाने की वजह से लवबर्ड को कुछ ही समय बाद बंद कर दिया गया। लेकिन, इसने इलेक्ट्रिक कारों को पहचान दिलाई और लोगों को बताया कि गाड़ियां बिजली से भी चल सकती हैं।
फिर आई महिंद्रा की रेवा
लवबर्ड के बाद देश की जानी-मानी ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने रेवा (Reva) नाम से भारत में दूसरी इलेक्ट्रकि कार लॉन्च की। इस कार को साल 2001 में लॉन्च किया गया। यह भी लवबर्ड की ही तरह एक टू-सीटर इलेक्ट्रिक कार थी। यह लवबर्ड की तुलना में ज्यादा पॉपुलर हुई और भारत में इलेक्ट्रिक कारों को लोकप्रिय बनाने में इसने अहम भूमिका निभाई। हालांकि, उस समय भी देश में ईवी के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर कुछ खास अच्छा नहीं था। इसलिए 2000 के दशक में शुरुआती सालों में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री धीमी रही।













































