जनसंख्या 13 लाख और गाड़ियों की संख्या 15 लाख, चौंकाने वाले हैं चंडीगढ़ के ये आंकड़े

parmodkumar

0
36

चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ देश के उन शहरों में से एक बन गया है जहां प्रति व्यक्ति गाड़ियों की संख्या सबसे ज्यादा है। शहर में करीब 15 लाख गाड़ियां हैं। बता दें कि चंडीगढ़ में रहने वाले लोगों की आबादी लगभग 13 लाख है। पिछले पांच सालों की बात करें तो शहर में 2,21,497 नई गाड़ियां रजिस्टर्ड हुई हैं। रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी के आंकड़ों के मुताबिक, साल दर साल गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन लगातार बढ़ रहा है। इनमें सबसे ज्यादा टू-व्हीलर और कारें शामिल हैं।

अंग्रेजी वेबसाइट ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, 2021 में चंडीगढ़ में 36,963 गाड़ियां रजिस्टर्ड हुईं। 2022 में यह संख्या बढ़कर 47,244 हो गई। 2023 में तो 50,930 तक पहुंच गई। 2024 में थोड़ी गिरावट आई और 40,762 गाड़ियां रजिस्टर्ड हुईं, लेकिन 2025 में फिर से उछाल आया और 45,598 गाड़ियां रजिस्टर्ड हुईं। इनमें पेट्रोल टू-व्हीलर की संख्या सबसे ज़्यादा है। 2025 में 23,466 पेट्रोल टू-व्हीलर रजिस्टर्ड हुए। यह न सिर्फ उस साल का सबसे बड़ा आंकड़ा है, बल्कि पिछले पांच सालों में किसी भी कैटेगरी में सबसे ज्यादा रजिस्ट्रेशन का रिकॉर्ड भी है। इसके बाद कारें और हल्के मोटर वाहन (LMVs) आते हैं। इलेक्ट्रिक गाड़ियों (EVs) की संख्या अभी कम है, लेकिन वे लगातार बढ़ रही हैं।

गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन के आंकड़े
साल वाहन रजिस्टर्ड
2021 36,963
2022 47,244
2023 50,930
2024 40,762
2025 45,598
कुल 2,21,497
हर दिन सड़क पर 100 से ज्यादा नई गाड़ियां
शहर में रोज़ाना औसतन 100 से ज्यादा नई गाड़ियां सड़कों पर आ रही हैं। हर व्यक्ति के पास औसतन एक से ज्यादा गाड़ी है। यह आंकड़ा चंडीगढ़ के सामने मौजूद चुनौती की गंभीरता को दिखाता है। बढ़ती आय और लोगों की इच्छाएं गाड़ियों की खरीद को बढ़ावा दे रही हैं। लेकिन इन आंकड़ों से ट्रैफिक जाम, पार्किंग की समस्या, प्रदूषण और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की तत्काल आवश्यकता जैसी गंभीर चिंताएं भी सामने आती हैं।